कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में बीती रात ड्यूटी पर तैनात त्रिपुरा राइफल्स के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान ने अपनी एके 47 से खुद को गोली मारी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार त्रिपुरा राइफल्स के जवान आज़ाद सिंह ने सर्विस से खुद पर फायरिंग की है। शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे की घटना बताई जा रही है। फायरिंग की आवाज सुनने के बाद खदान में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। जानकारी मिलते ही एसईसीएल और त्रिपुरा राइफल्स के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिर सूचना कुसमुंडा थाने को दी गई। वहीं पुलिस ने मौके से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के संबंध में कुसमुंडा थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि खदान में इस तरह की यह पहली घटना है। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शव के पास से एक मोबाइल मिला है। वहीं हेडफोन भी गले के पास रखा हुआ था। आशंका है कि आत्महत्या से पहले उसने किसी से फोन पर बातचीत की है। इसके बाद उसने यह कदम उठाया है। साथी जवानों ने बताया कि मृतक पारिवारिक कारणों से तनाव में था।