बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सुपारी किलिंग का मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने पति की हत्या के लिए प्रेमी को 4 लाख की सुपारी दी। प्रेमी ने अपने दो साथियों को हत्या का ठेका दिया। इसके बाद आरोपियों ने सर्जिकल ब्लेड से गला रेत कर हत्या कर दी। शुक्रवार 13 सितंबर को लाश मिली और उसके बाद पुलिस ने इस मामले में उसकी पत्नी व प्रेमी के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें 13 सितंबर की दोपहर ढेका बाइपास रोड के किनारे एक युवक की लाश मिली थी। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद शव की शिनाख्ती का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने आसपास के जिलों से गुम इंसान की जानकारी जुटाई और पड़ोसी जिलों में उसकी तस्वीर भेज कर पहचान कराने की कोशिश की। दो दिन बाद जांजगीर-चाम्पा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के भैंसो में रहने वाले कुछ लोगों ने हाथ में टैटू से मृतक की पहचान बताई। पुलिस ने मृतक की पहचान देवेन्द्र के रूप में की। इस दौरान पता चला कि देवेन्द्र का ससुराल भैंसों में है।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों व मृतक देवेन्द्र पत्नी अंजली से पूछताछ की। पूछताछ में अंजली के गोलमोल जवाब से पुलिस को उस शक हुआ। मृतक की पत्नी अंजलि का कॉल डिटेल निकालने पर पुलिस को सिमगा के डिहुपारा निवासी दीपक महिलेश्वर की जानकारी मिली। दीपक ने पूछताछ में बताया कि उसका अंजली से प्रेम संबंध है। देवेंद्र नशे में आए दिन पत्नी से मारपीट करता था, इसलिए अंजलि ने उसे देवेंद्र की हत्या करने को कहा। फिर दीपक ने अपने भाई कमल महिलेश्वर (21) दोस्त अनिल रजक (22) विक्की लहरे उर्फ मक्खी (22) को चार लाख रुपए में देवेंद्र की हत्या की सुपारी दी।
इसके बाद अंजलि ने अपने पति देवेन्द्र को अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने के ससुराल बुलाया। 13 सितंबर को जब देवेंद्र ससुराल के लिए निकला तो वह उसके संपर्क में थी। वह बार बार अपने प्रेमी को उसका लोकेशन शेयर करती रही। दीपक अपने भाई कमल महिलेश्वर को पल-पल का अपडेट देता रहा। जब देवेंद्र ढेका के पास पहुंचा, तब उसका इंतजार कर रहे कमल महिलेश्वर और दोस्तों ने उसे रोक लिया और उसे बहाने से नेशनल हाइवे किनारे दुकान के पीछे ले गए। यहां पर तीनों ने सर्जिकल ब्लेड से उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया और वापस लौट गए। तीनों आरोपी बलौदा बाजार के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया।