कोरबा। शहर के बालको रोड पर नशे में धुत पुलिस कर्मी ने भीड़ पर कार चढ़ा दी। दरअसल कोरबा में गौरी-गौरा विसर्जन के लिए महिलाओं के साथ कई लोग एक साथ निकल रहे थे। इस दौरान बालको जाने वाले मुख्य मार्ग डेंगूनाला के पास विसर्जन के बाद वापस लौट रहे लोगों पर तेज रफ्तार कार चालक पुलिसकर्मी ने अपनी कार चढ़ा दी। इस हादसे के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान लोगों ने कार चालक पुलिस कर्मी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की।
इसके बाद हादसे की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने 108 संजीवनी को भी कॉल किया गया। मौके पर पहुंची संजीवनी से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 7 से ज्यादा लोग घायल हुए। हादसे के जिम्मेदार पुलिस कर्मी को लेकर लोगों में काफी आक्रोश दिखा। वहीं पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।