रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में एक महिला से 14 लाख से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने महिला को घर बैठे पैसा कमाने का झांसा दिया और पहले एक हजार जमा करवाकर 1300 रुपए दिए। इसके बाद 3 हजार जमाकर 7800 रुपए खाते में भेजा। इस तरह महिला जब झांसे में आ गई तो अलग अलग किश्तों में 14 लाख 50 हजार रुपए जमा करा लिए। 14 लाख रुपए गवांने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया। मामला सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शंकर नगर सेक्टर 01 निवासी सुदीप्ती राय प्राइवेट जॉब करती है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 12 अक्टूबर 2023 को उनके वाट्सएप नंबर 75566927521 पर 84377738753 नंबर से वाट्सएप मैसेज आया। जिसमे अलग अलग वेबसाइट में रिव्यू करने पर प्रति रिव्यू 150 रुपए मिलने की बात कही गई और घर बैठे आसानी से पैसे कमाने के बारे मे जानकारी दी गई थी। उनसे संपर्क करने पर उन्होने महिला का डिटेल लिया और टेलीग्राम मे यूजर नेम @samicha256 से बात करने कहा गया।
महलिा ने टेलीग्राम पर बात की तो रजिस्ट्रेशन कराया गया। 12 अक्टूबर को शुरूआत मे 1000 रुपए भेजने कहा। महिला ने फोन पे के माध्यम से किया। उनके द्वारा महिला को वेबसाईट https://yc19v.com/h5 में लागिन करने बोला गया और टेलीग्राम Tutor @DurjoyDeb_777 से संपर्क करने कहा गया। संपर्क करने पर उन्होने उसके बैंक खाते एक्सीस बैंक मे 1300 रुपए जमा किए। इसके बाद 3000 रुपए देने पर 7800 रुपए वापस मिले। जिसके कारण मै विश्वास करके एक-एक करके 12 अक्टूबर 2023 से 19 अक्टूबर 2023 तक उनके द्वारा दिए गए कुल 16 अलग अलग बैंक के खातो मे कुल 14,45,000 (चौदह लाख पैतालिस हजार) रूपये जमा किए। जिसके बदले महिला को कोई रकम वापस नही की गई। महिला ने कई बार उन्हें मैसेज किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अंत में महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
