भिलाई। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में फायनेंस कंपनी के फील्ड अफसर का फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां गांवों में महिला समूहों को लोन देने वाली एक फायनेंस कंपनी ने लोन की रकम व किश्तों की रकम का गबन कर कंपनी को लाखों का चूना लगाया है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर धमधा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में धमधा पुलिस ने बताया कि भारत फायनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड कंपनी की शाखा धमधा के ब्रांच मैनेजर भुनेश्वर कुंजाम ने शिकायत दर्ज कराई है। भुनेश्वर ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी इंडसइंड बैंक के जरिए काम करती है और ग्रामीण क्षेत्रो में महिला समूहों को लोन देती है। कंपनी द्वारा आसपास के गांवों में महिलाओं को लोन देने के बाद साप्ताहिक किश्तें लेती है। कंपनी में फील्ड अफसर के रूप में बालोद निवासी जवाहर लाल एक साल पहले काम करता था। उसने कई महिलाओं का लोन पास कराया और फर्जी तरीके से लोन के रुपए हड़प लिए। यही नहीं किश्तों की राशि भी कंपनी में जमा करने के बजाए खुद ही रख लिए। इस तरह जवाहर लाल ने 4 लाख 85 हजार रुपए का फर्जीवाड़ा किया।

भुनेश्वर ने पुलिस को बताया कि भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड की शाखा धमधा में जुड़े सदस्यों को गांव- गांव में जाकर लोन बाटना तथा सदस्यों से लोन का किश्त की रकम लाकर आफिस में जमा करना था लेकिन जवाहर लाल ने सदस्यों से किश्त तथा लोन का बकाया रकम प्राप्त किया आफिस में जमा नहीं किया। जवाहर लाल ने 18 सदस्यो के नाम पर लोन पास कराया और उनसे झूठ बोल कर वह राशि बायोमेट्रिक डिवाइस से सदस्यों को बिना बताए उनके खाते से निकाल लिया। यही नहीं जवाहर लाल ने 4 सदस्यों द्वारा लोन नहीं पटाने पर बकाया राशि को प्रीक्लोज कर दिया और उस पैसे को भी अपने पास रख लिया।

22 सदस्यों का 4 लाख 85 हजार रुपए गबन
जवाहर लाल ने 27 जून 2022 से लेकर 12 दिसंबर 2022 के बीच कुल 22 सदस्यों से 4 लाख 85 हजार रुपए की राशि ले ली। इसकी जानकारी कंपनी को बुधवार को लगी। बुधवार को बिर्झापुर की मीटिंग में कंपनी के सीनियर कर्मी राकेश वर्मा और स्टाफ राजू पटेल को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पूरे फील्ड का दौरा करने पर जवाहर लाल की धोखाधड़ी का पता चला। जवाहर लाल ने रुखमनी बाई धनकर का 25760, बसंती बाई का 17950, देवंतिन बाई का14750, गीता बाई का 6018, जयेश्री बाई गोड का 30000, शांति बाई का 17000, पुष्पा बाई का 25940, अनिता बाई का 20190, अनिता बाई का 51140, रेखा बाई विश्वकर्मा का 26530, शरिता बाई का 27000, भन्बती बाई निर्मलकर का14850, लीला बाई साहू का 28076, सुनीता बाई का 31000, सावित्री बाई का 25940, पहतिमा बी का 42296, नीलू बाई का 4200, अमरीका बाई का 8980, ललिता बाई सेन का 5000 मुंगेशिया बाई का 27730 तथा मीना बाई गोड का 4650 रुपए गबन कर लिया।