अंबिकापुर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर निवासी एक व्यवसायी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यवसायी बुधवार से अपने घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश में थे इस बीच होटल के बाद उनकी गाड़ी खड़ी होने सूचना मिली। परिजना होटल पहुंचे तो एक कमरे में फंदे पर लटकी उनकी लाश मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें यूरेनियम भंडार के नाम पर कोलकाता की फर्जी कंपनी ने दो करोड़ की ठगी किए जाने का जिक्र है।
मिली बौरीपारा निवासी व्यवसायी गुरुपद जायसवाल(60) की होटल में फांसी पर लटकी लाश मिली। बौरीपारा में खुद का पुश्तैनी मकान होने के बाद भी पारिवारिक और आर्थिक कारणों से पिछले कई महीनों से व्यवसायी गुरुपद जायसवाल शहर के नमनाकला में किराए के मकान में निवास कर रहे थे। बुधवार सुबह से वे घर से निकले थे। शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी खोजबीन में लगे थे। लगातार मोबाइल पर घण्टी जा रही थी लेकिन व्यवसायी गुरुपद जायसवाल फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। गुरुवार की सुबह उनके एक रिश्तेदार रास्ते से गुजर रहे थे। होटल के सामने उनकी वाहन देखकर घरवालों को फोन किया गया।
परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि गुरुपद जायसवाल होटल के कमरे में बुधवार दोपहर से रुके हुए थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ होटल के कमरे तक पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर व्यवसायी गुरुपद जायसवाल की फांसी पर लटकी लाश मिली। पुलिस ने शव को उतारा और पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।

दो करोड़ की ठगी का हुआ था शिकार
व्यवसायी गुरुपद जायसवाल दो करोड़ की ठगी का शिकार हुआ था। गुरुपद जायसवाल कोलकाता की फर्जी कंपनी के झांसे में फंस गए थे। कंपनी ने उन्हें झांसा दिया था कि उन्हें यूरेनियम का भंडार मिला है। इसमें निवेश करने पर काफी फायदा होगा। इसके झांसे में आकर व्यवसायी ने दो करोड़ का निवेश कर दिया। इसके लिए उसने कई लोगों से कर्जा भी लिया। इधर निवेश के बाद भी इसका रिटर्न मिल नहीं रहा था और कंपनी के लोगों का भी कुछ पता नहीं चल रहा था। व्यवसासी कोलकाता भी गया लेकिन वहां से भी खाली हाथ लौट आया। इसके बाद आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई और लोग भी अपने रुपए के लिए दबाव बनाने लगे। पुलिस का मानना है संभवत: इन्हीं कारणों से व्यवसायी ने खुदकुशी कर ली।