रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा के केन्द्रीय मंत्रियों का लगातार दौरे चल रहे हैं। इस बीच कांग्रेस पर आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जेपी नड्डा आदि छत्तीसगढ़ आए और कांग्रेस सरकार व भूपेश बघेल के खिलाफ कई आरोप लगाए। इधर शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता के जरिए भाजपा पर पलटवार किया है। कांग्रेस नेताओं में सुशील आनंद शुक्ला और धनंजय ठाकुर ने संयुक्त रूप से कहा कि केन्द्र सरकार कांग्रेस की छवि बिगाड़ने का काम कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले ईडी, आईटी भेजी अब केन्द्रीय मंत्री और स्वयं प्रधानमंत्री पद की मर्यादा भूल गए हैं। बिना किसी ठोस प्रमाण के कांग्रेस की सरकार पर आरोप लगाते हैं। प्रधानमंत्री आये राज्य सरकार पर झूठा आरोप लगाने के साथ ही छत्तीसगढ़ में जी-20 के सम्मेलन पर भी सफेद झूठ बोलकर गये। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद अचानक केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल आते है वे भी राज्य के राशन वितरण और चावल खरीदी पर झूठ बोलकर जाते है। इनके पास किसी भी बात के लिए पुख्ता तथ्य ही नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नरेन्द्र मोदी, प्रमोद सांवत, नड्डा तीनों ही सनातन धर्म के बारे में बोलते हैं लेकिन असली सनातनी तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 15 साल तक माता कौशल्या, भगवान राम को भुलाए रखा। माता कौशल्या के मंदिर का जीर्णोद्धार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। भगवान राम वन गमन पथ को बनाने का काम भूपेश सरकार ने किया है। राम वन गमन पथ पांच स्थानों पर भगवान राम की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है।