रायपुर। राजधानी रायपुर की राजेन्द्र नगर पुलिस ने ठगी के आरोप में दो बहनों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि यह दोनों सस्ती दरों पर मकान बनाकर देने का झांसा देकर कई लोगों से ठगी की। न्यू शांति नगर निवासी फारूख खान की शिकायत पर पुलिस ने दोनों बहनों को हिरासत में जांच शुरू की है। बताया जा रहा है यह दोनों शातिर बहने मूलत: बिहार की रहने वाली हैं और बीते पांच साल से रायपुर में रहकर ठगी की दुकान चला रही हैं।
राजेन्द्र नगर पुलिस ने बताया कि न्यू शांति नगर निवासी मोहम्मद फारुख खान व अन्य लोगों ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। फारूख खान ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी का फेसबुक के माध्यम से प्रीति व प्रिया नाम की युवतियों से संपर्क हुआ। दोनों ने बहनों से सस्ती दरों पर मकान बनाने का झांसा दिया। इसके बाद वे उनके घर पहुंची और महिला को फुसलाकर ठेका ले लिया। कुल 5 लाख 50 हजार रुपए में ठेका फाइनल हुआ।
फारूख ने अपनी शिकायत में बताया कि दोनों ने काम के अपडेट की जानकारी देने एक वाट्सएप ग्रुप बनाया और नींव खोदने तक की जानकारी दी। इसके बाद कोई जानकारी नहीं मिली। मौके पर जाकर देखने पर पता चला कि दोनों पुटिंग से लेकिर कॉलम के लिए घटिया क्वालिटी का सीमेंट व सरिया इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं कॉलम के गड्ढे कम गहराई वाले थे। काम से असंतुष्ठ होने के बाद फारूख ने अपने रुपए वापस मांगे तो दोनों बहनों ने चेक थमाया जो बाउंस हो गया। इसके बाद दोबारा चेक दिया जिसकी पेमेंट स्टॉप करवा दी।

यह सब देखने के बाद फारुख को ठगी का अहसास हुआ और उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। यही नहीं दोनों शातिर बहनों ने इस तरह से 50 से 60 लोगों को उल्लू बनाया है। यहां तक कि अपने ऑफिस में काम करने वाली लड़की भी इन लोगों ने नहीं छोड़ा। उसे भी झांसे में लेकर उसकी मां के गहने गिरवी रखवाकर लोन ले लिया जिसकी किश्ते पीड़ित लड़की पटा रही है। बहरहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में दोनों बहनें प्रीति व प्रिया को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।