भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक की पत्नी करीब सात माह पहले मायके चली गई थी। इसके कारण युवक काफी डिप्रेशन में था। शुक्रवार की सुबह उसके घर पर उसकी लाश फंदे पर लटकती मिली। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कृष्णा नगर निवासी रविदास (25) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके घर में माता पिता और छोटा भाई जशवंत थे। गुरुवार रात को उसने परिवार के साथ खाना खाया इसके बाद सोने चला गया। शुक्रवार की सुबह सात बजे उसके छोटे भाई जशवंत ने देखा कि रविदास की लाश फंदे पर लटक रही है। इसके बाद परिजनों ने उसे फंदे से उतारा और सुपेला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
7 माह पहले पत्नी चली गई थी मायके
परिजनों ने बताया कि करीब 7 महीने पहले रविदास और उसके साले के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। उसके बाद उसकी पत्नी अपने भाई के साथ मायके साजा चली गई थी। पत्नी के वापस नहीं आने से वह काफी परेशान रहता था। कई बार उसने प्रयास किया कि पत्नी वापस आ जाए लेकिन वह नहीं आई। परिजनों ने यह भी बताया कि रविदास की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले 2020 में उसने शादी की थी। पहली पत्नी का किसी दूसरे के अफेयर था और वह उसके साथ भाग गई थी।
