बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पत्नी के चरित्र पर शंका के चलते पति ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति थाने पहुंचा और सरेंडर कर पुलिस को हत्या की वजह भी बताई। पहले तो पुलिस को विश्वास नहीं हुआ बाद में आरोपी को लेकर गांव पहुंची और शव को बरामद किया। घटना सोमवार रात की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बालोद थाना अंतर्गत ग्राम देवी नवागांव में देवधर निषाद ने अपनी पत्नी झमित निषाद की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। देवधर निषाद को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से अवैध संबंध है और इसके कारण दोनों में विवाद होता था। सोमवार की रात को भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि देवधर निषाद ने पत्नी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद वह बेसुध हालत में थाने जा रहा था इसी दौरान पेट्रोलिंग वाहन ने उसे देखा और पूछा तो पूरा किस्सा बताया। पेट्रोलिंग टीम उसे अपने साथ थाना ले गई। थाने पहुंचने के बाद पुलिस को उसने सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस उसे गांव में लेकर पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय से विवाद चल रहा था जिसके कारण दोनों के बीच तनातनी थी। इससे पहले पत्नी ने भी देवधर के खिलाफ एक बार शिकायत दर्ज कराई थी जिसे लेकर व खुन्नस पाले हुआ था। शुरूआती जांच के बाद पुलिस ने आरोपी देवधर को गिरफ्तार कर लिया है।
