रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले बड़े रैकेट का भांडाफोड़ हुआ है। अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार करने पर पुलिस को ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पता चला। इसके बाद अभनपुर पुलिस ने रेड्डी अन्ना एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा का संचालन करने वाले 23 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में मोबाइल व लेपटॉप बरामद किया गया। सटोरिए 150 से ज्यादा खातों का संचालन कर रहे थे। वहीं पुलिस ने 45 लाख रुपए भी होल्ड किए हैं। पकड़े गए सटोरियों के खिलाफ धारा 7, 8 छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार अभनपुर पुलिस ने धारा 365, 511, 34 के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी मधुकर सिन्हा के मोबाइल की जांच की तो इससे ऑनलाइन सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। आरोपी मधुकर सिन्हा एवं अजय उर्फ पिंटू नेताम अपहरण का असफल प्रयास कर चुके हैं। इनके खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में धारा 507 का अपराध भी दर्ज है। दोनों रेड्डी अन्ना एप के माध्यम से ऑन लाईन सट्टा का संचालन कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी रायपुर, राजनांदगांव, उडीसा सहित विषाखापट्टनम में बैठकर ऑन लाईन सट्टा संचालित कर रहे थे। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की अलग – अलग संयुक्त टीमों द्वारा राजनांदगांव, उडीसा एवं विषाखापट्टनम से सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 17 अंतर्राज्यीय सटोरियों सहित कुल 23 सटोरियों को किया है।

पुलिस ने सटोरियों के कब्जे से 05 नग लैपटॉप, 50 मोबाइल फोन, 4 नग बैंक पासबुक, 4 नग चेक बुक, 8 एटीएम कार्ड, 1 वाई-फाई राउटर, 1 नग कैल्क्यूलेटर तथा करोड़ो रूपये के सट्टा का हिसाब-किताब वाले 4 रजिस्टर जब्त किया है। आरोपियों द्वारा रकम लेने-देन के लिए 150 बैंक खातों में करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। पुलिस ने खातों में उपलब्ध लगभग 45 लाख रुपए को होल्ड किया है। साथ ही पुलिस अन्य बैंक खातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।