कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सूअर का शिकार करने के दौरान युवक की मौत हो गई। दरअसल सूअर का शिकार करने एक ने अपनी भरमार बंदूक से गोली चलाई जो सूअर को लगने की बजाए दूसरी ओर खड़े युवक के सिर पर लग गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से भरमार बंदूक भी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार कोंडागांव जिले के गिरगोली में ग्रामीण युवक पास के ही जंगल मे जंगली सूअर का शिकार करने गए हुए थे। इनमें से 2 युवक अपने पास भरमार बंदूक रखे हुए थे। जब एक ओर से कुछ लोगों के द्वारा जंगली सूअर को दौड़ाया तो उसी दल के एक व्यक्ति ने बंदूक चला दी। इससे गोली सुअर को न लगकर दूसरी ओर खड़े उसके साथी को लग गई। गोली ग्रामीण युवक के सिर में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद शिकार पर गए ग्रामीणों ने केशकाल थाना पहुंचकर इसकी सूचना दी। घटना के तुरंत बाद पुलिस पहुंची और पंचनामा के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इधर घटना के बाद गोली चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से भरमार बंदूक जब्त किया गया।
