भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत शहर के सबसे व्यस्ततम चौक नेहरू नगर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। महापौर नीरज पाल ने नेहरू नगर चौक में होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत कराई। नेहरू नगर चौक में प्रतिदिन हजारों लोगों का आना जाना लगा रहता है, जिसको देखते हुए महापौर ने इसके सौंदर्यीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। ताकि आने जाने वाले लोगों को यह चौक आकर्षक रूप में नजर आए।
निगम के अधिकारियों ने नेहरू नगर चौक की विस्तृत प्लानिंग कर ली है। महापौर के कर कमलों से भूमि पूजन होने के उपरांत अब चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। सुपेला चौक में हुए सौंदर्यीकरण कार्य जैसे ही नेहरू नगर चौक को आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्य हो जाने के उपरांत राहगीरों को यह चौक लुभाने लगेगा और शहर की सुंदरता भी बढ़ जाएगी। महापौर के निर्देश पर भिलाई निगम क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। भूमि पूजन के दौरान निगम आयुक्त रोहित व्यास, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर सहित अन्य उपस्थित रहे।




