भिलाई। वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन का शुक्रवार को रामनगर मुक्तिधाम में सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बेटी दिव्या मक्कड़ और शक्ति खेरा ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, सांसद अरुण साव, विधायक शिवरतन शर्मा, अजय चंद्राकार, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सिहत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल सहित दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
बता दें विधायक विद्यारतन भसीन का गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात 2 बजकर 44 मिनट पर निधन हो गया था। रायपुर से उनकी पार्थिव देह को भिलाई लाया गया। उनके पार्थिव देह को भिलाई स्थित निवास पर लोगों के दर्शनार्थ रखा गया था। वहां इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित कई नेता पहुंचे। विधायक विद्यारतन भसीन पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ होने के कारण रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। यूरिनल इंफेक्शन की समस्या के चलते दो महीने पहले भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विद्यारतन भसीन का जन्म 27 दिसम्बर 1947 को हुआ था। परिवार में उनकी तीन बेटियां हैं। एक ट्रांसपोर्टर होने के साथ ही नगर निगम भिलाई में वे ठेकेदार भी रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद राजनीति में उनकी किस्मत ने उनका भरपूर साथ दिया। विद्यारतन भसीन को वर्ष 2005 में भारतीय जनता पार्टी ने महापौर का टिकट देकर चौंका दिया था। वे चुनाव जीते और 2005 से 2009 तक भिलाई नगर निगम के महापौर रहे।

इसके बाद 2013 में एक बार फिर भाजपा ने वैशाली नगर विधानसभा से उन्हें उतार का बड़ा दांव खेला और इसबार में वे जीत कर विधायक बने। वर्ष 2015 में विद्यारतन भसीन को फिर से एक बाद महापौर का प्रत्याशी बनाया गया। लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार देवेंद्र यादव से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2018 में कांग्रेस की आंधी के बीच दुर्ग जिले से विद्यारतन भसीन एकलौते विधायक थे जिन्होंने अपनी सीट बचा ली। दुर्ग संभाग में भाजपा का एक मात्र विधायक विद्यारतन भसीन ने वैशालीनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी बदरुद्दीन कुरैशी से 18080 वोट से हराया था।




