कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के ग्राम चबेला में निर्माणाधीन राइस मिल की दीवार गिर गई। इसके मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है हादसे में 13 लोग घायल भी हो गए हैं। जिन्हें भानुप्रतापपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कांकेर के ग्राम चबेला में राइस मिल का निर्माण किया जा रहा था। राइसमिल के निर्माण में सुबह से ही मजदूर काम पर आ गए थे। सुबह करीब 11 बजे राइसमिल की एक ओर की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में एक मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। वहीं अब तक 13 मजदूर घायल भी हो गए हैं। घायल मजदूरों को नजदीकी भानुप्रतापपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर प्रशासनिक अमले ने घायलों को उचित इलाज मुहैय्या कराने का निर्देश दिया है।




