खरगोन Khargone. मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां बोराड़ नदी पर बने पुल से एक यात्री बस 50 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे में ड्राइवर, कंडक्टर और क्लीनर की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने खरगोन में हुई बस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सीएम शिवराज सिंह ने आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।
मिली जानकारी के अनुसार मां शारदा ट्रैवल्स बस क्रमांक एमपी10-पी-7755 खरगोन जिले से इंदौर जा रही थी। यह हादसा खरगोन-ठीकरी मार्ग पर हुआ। बस नदी पर बने पुल से गुजर रही थी, जब वह एकाएक नीचे गिर गई। जोर से आवाज आई और अफरा-तफरी मच गई। बस में 50 के करीब यात्री सवार थे। हादसा दसंगा गांव के करीब हुआ है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस जवान घायलों की मदद करने में लगे हुए हैं।

मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख सहायता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताते हुए हादसे में मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता घोषित की है। राज्य सरकार ने खरगोन में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपये, कम एवं साधारण घायलों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
