कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गोद लिए बेटे ने अपने पिता की टांगी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना कोरबा के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत फत्तेगंज के सराईभांठा में रविवार देर रात की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण मामूली बात पर विवाद है। दरअसल मृतक शराब का आदी था और रविवार रात को शराब पीने से मना करने पर ही विवाद हुआ था।
करतला पुलिस ने बताया कि सराईभांठा दुलार सिंह कंवर ने बच्चे नहीं होने पर आठ साल पहले उसने अपने बड़े भाई राम लाल के बेटे चंद्र कुमार को गोद लिया था। इसके बाद दुलार सिंह ने उसका विवाह भी कराया। चंद्र कुमार के दो बच्चे भी हैं, सभी एक साथ रहते हैं। चंद्र कुमार दुलार खेती-बाड़ी और अन्य कामों को भी देखता था। कुछ दिनों पहले घर पर पूजा पाठ का आयोजन किया गया था। जिसमें पूजारी को देने घर पर चावल रखा हुआ था।
बताया जा रहा है दुलार सिंह ने वह चावल बेच दिए और उन पैसों से शराब पी गया। उसके बाद रविवार की देर शाम घर पहुंचा चंद्र कुमार ने चावल बेचकर शराब पीने की बात पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और चंद्र कुमार ने अपने पिता दुलार सिंह पर टांगी से हमला कर हत्या कर दी। हत्या की जानकारी गांव वालों को लगी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। करतला थाना पुलिस ने बिना देर किए आरोपी चंद्र कुमार को गिरफ्तार कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।





