Shreekanchanpath. देश की सबसे तेज दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस इन दिनों चर्चा में है। ट्रेन की स्पीड को लेकर यात्री रोमांचित है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। रेलवे ट्रैक की पोजिशन के अनुसार इस ट्रेन की स्पीड़ को कंट्रोल कर रहा है। हालांकि यात्री ट्रेन को लेकर काफी उत्सुक हैं। इसी कड़ी में यात्रियों ने खुद ही ट्रेन का स्पीड टेस्ट किया। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका एक वीडियो शेयर किया है जिसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार वंदे भारत एक्सप्रेस 160 की स्पीड़ पर पहुंच रही है।
दरअसल, देशभर में वंदे भारत ट्रेन का नेटवर्क बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। यह ट्रेन अपनी रफ्तार, सुख-सुविधाओं और आरामदायक सफर के लिए जानी जाती है। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत ट्रेन का एक वीडियो शेयर किया। इसे अब तक 4 लाख से ज़्यादा व्यूज मिल चुके हैं। अश्विनी वैष्णव ने जो वीडियो शेयर किया है उसके कैप्शन में लिखा है- ‘140… 145… 150… 160 किलोमीटर प्रति घंटा। रफ्तार देश की हमारी Vande Bharat.’
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे ट्रेन में कुछ यात्री सवार हैं। वे मोबाइल ऐप के जरिए ट्रेन की स्पीड को ट्रैक कर रहे हैं। स्पीड 132 किमी/घंटे से शुरू होती है और 160 किमी/घंटे तक जाती है। जैसे-जैसे ट्रेन की रफ्तार बढ़ती है, वैसे-वैसे यात्रियों का उत्साह बढ़ता जाता है। इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सैकड़ों यूजर्स ने रिएक्ट किया। किसी ने रेलवे की तारीफ की तो किसी ने ट्रेनों की लेट-लतीफी का मुद्दा उठाया। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे गौरवान्वित करने वाला पल बताया।
11 वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं पटरी पर
वर्तमान समय में कुल 11 वंदे भारत ट्रेनें पटरियों पर दौड़ रही हैं। जिनमें वाराणसी से नई दिल्ली, मैसूर से चेन्नई, मुंबई से गांधीनगर, विशाखापट्टनम से सिकंदराबाद, न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा, नई दिल्ली से अंदौरा, माता वैष्णो देवी कटरा से नई दिल्ली, सोलापुर से मुंबई, शिरडी से मुंबई और बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें शामिल हैं। हाल की 11 वीं वंदेभारत एक्सप्रेस भोपाल से नईदिल्ली के बीच शुरू की गई है।