बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के बेलगहना चौकी क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद खुद भी फांसी पर झूल गया। पड़ोसी ने सबसे पहले दोनों की लाशें देखी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर घटना की जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली वजह पता चली। दरअसल पति-पत्नी में बच्चे नहीं होने को लेकर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र के करवा गांव बैगापारा निवासी रतनलाल बैगा (35) और उसकी पत्नी सुकवरिया बाई (31) की लाश उनके घर पर मिली। शुक्रवार शाम को पड़ोसियों ने देखा कि सुकवरिया बाई की लाश कमरे में पड़ी थी और बरामदे में उसके पति रतनलाल की लाश फंदे पर लटक रही थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पीएम के लिए भेजा।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि शादी के 12 साल बाद भी दोनों के बच्चे नहीं थे जिसके कारण उनके बीच विवाद होता था। दोनों शराब के भी आदी थे। शुक्रवार को भी दोनों के बीच शराब के नशे में विवाद हुआ था। रोज की बात होने से घर वालों ने भी ध्यान नहीं दिया। इसके बाद शाम तक इनके घर का दरवाजा नहीं खुला। सबसे पहले पड़ोसी ने देखा रतनलाल की लाश फंदे पर झूल रही है और उसकी पत्नी की लाश कमरे में पड़ी है। पुलिस ने बताया कि रतनलाल ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। अब तक की जांच में यही बात सामने आई है।





