UP News। यहां एक अनोखी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दरअसल यह पूरा मामला एक शादी से जुड़ा है। उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले में शादी के बाद जब मुंह दिखाई की रस्म हुई तो दूल्हा गुस्से से लाल हो गया। दूल्हे ने तुरंत दूल्हन को अपने मायके भेज दिया और ससुराल वालों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। दूल्हे का आरोप है कि कन्या पक्ष वालों ने अपनी छोटी बेटी को दिखाया और ब्याह के समय बड़ी बेटी को मंडप पर बैठा दिया। अब न्याय के लिए दूल्हे ने आत्महत्या तक की धमकी दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सांभल जिले के हजरत नगर गढ़ी थाना इलाके के कटौली गांव का मामला है। यहां रहने वाले डालचंद की कैलादेवी थाना इलाके में रहने वाली एक लड़की से 26 जनवरी को शादी हुई थी। रीति रिवाज के चलते दुल्हन का सिर घूंघट से ढंका था. पारंपरिक रस्मो-रिवाज के साथ दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए और शादी की सभी रस्में हुई। इसके बाद दुल्हन को विदा करके दूल्हा अपने गांव कटौली ले आया। फिर शादी वाले घर में नई बहू के आने के बाद मुंह दिखाई की रस्म शुरू हुई। जब दूल्हे सहित घर की महिलाओं ने बहू के सिर से घूंघट उठाया तो घर में मौजूद लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

छोटी बेटी की जगह बड़ी बेटी की करा दी शादी
घूंघट उठाने के बाद दूल्हे पक्ष ने पाया कि दुल्हन की बड़ी बहन से उनके बेटे की शादी करवा दी गई। देखते ही देखते पूरे गांव में यह बात फैल गई और ससुराल पक्ष ने दुल्हन को वापस मायके भेज दिया। फिर दोनों पक्षों के बीच वाद विवाद और पंचायतों का दौर शुरू हो गया। पंचायत में लड़की पक्ष यह कहता रहा कि उनसे दहेज मांगा जा रहा है। वहीं, लड़का पक्ष कह रहा था कि उनके साथ घूंघट की आड़ में लड़की पक्ष ने धोखा किया है लड़कीवालों ने अपनी छोटी बेटी दिखाकर अपनी बड़ी बेटी ब्याह दी जो कि दिमागी तौर पर कमजोर है।

समस्या का हल नहीं निकला तो दूल्हें ने दी आत्महत्या की धमकी
पंचायतों के बाद भी कोई हल नहीं निकला तो दूल्हें ने आत्महत्या की धमकी दे दी। दूल्हे डालचंद का कहना है कि यदि मेरे साथ इंसाफ नहीं हुआ तो मैं सुसाइड कर लूंगा। दूल्हे का कहना है कि जिस लड़की से मेरी शादी करवाई उसे मैनें देखा नहीं है। पहले छोटी बेटी को दिखाया और घूंघट की आड़ में बड़ी बेटी से ब्याह करा दिया।उसमें दिमागी कमी है। दूल्हें ने कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है वह दुल्हन को अपने साथ नहीं रखेगा। मजबूर किया गया तो जहर खाकर या फांसी लगाकर जान दे दूंगा। अब इस पूरे मामले में पुलिस भी सकते में है कि क्या किया जाए। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।