दुर्ग। मोहन नगर पुलिस रेप के एक मामले में बड़ी सफलता पाई है। शादी का झांसा देकर युवती को अपनी हवस का शिकार बनाकर विदेश भाग आरोपी को पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी के गिरफ्तार होने की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। दुर्ग पुलिस को पता चला कि आरोपी विदेश भाग गया है। पुलिस ने आरोपी को विदेश भारत बुलवाया और मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक को मुंबई से दुर्ग लाने के बाद मोहन नगर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसान 14 दिसंबर 2022 को पीडित युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीडिता ने बताया कि पवन सिंह गोड पिता किशुन सिंह गोड (28) निवासी झगराखण्ड जिला कोरिया से उसका परिचय हुआ था। पवन ने शादी करने का प्रलोभन दिया और 5 अगस्त से लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। इसके बाद शादी करने से इनकार कर इसकी जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीडिता की शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 376 ( 2 ) (N), 506 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी युवती से दुष्कर्म करने के बाद विदेश चला गया है। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी करती रही। इस बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी पवन सिंह गोड़ मर्चेन्ट नेवी में नौकरी करता है। इसके बाद आरोपी के पासपोर्ट संबंधी जानकारी प्राप्त कर इंटेलीजेन्स ब्यूरो के माध्यम से लूक आउट सर्कुलर नोटिस जारी करवाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव के दिशानिर्देशन में सीएसपी वैभव बैंकर द्वारा विशेष टीम का गठन कर आरोपी की पता तलाश के लिए लगाया गया। इस दौरान पुलिस को डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग मुंबई द्वारा जानकारी दी गई कि आरोपी वर्तमान में Bernhard Schulte ship management company Mumbai में काम कर रहा है और फिलहाल जार्डन देश में है।
आरोपी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा उपरोक्त शिपिंग कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी पवन सिंह को जार्डन से भारत वापस भेजने का निर्देश दिया। जिस पर कंपनी द्वारा आरोपी पवन सिंह को जार्डन से भारत वापस भेजा गया। आरोपी पवन सिंह को मुंबई एयरपोर्ट अथारिटी द्वारा अभिरक्षा में लेकर मुंबई पुलिस को सुपुर्द किया गया। जहां से मोहन नगर पुलिस द्वारा सहार पुलिस थाना मुंबई से आरोपी पवन सिंह गोड़ को अभिरक्षा में लेकर थाना मोहन नगर जिला लाया गया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विपिन रंगारी थाना प्रभारी थाना मोहन नगर, सउनि प्रमोद सिंह महिला प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता, आरक्षक सचिन सिंह एवं शकील खान की सराहनीय भूमिका रही।




