कांकेर। जिले में बुजुर्ग की हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है। जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या कर उसके शव को पेड़ पर लटका दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा ओर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा और पीएम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है जब बदमाश बुजुर्ग को ले गए उसकी पत्नी भी साथ में थी जिसे कमरे में बंद कर दिया गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घोटिया गांव का रहने वाला बुजुर्ग दरियाव कुमेटी (70) अपनी पत्नी महंती और मां के साथ खेत के नजदीक बने कच्चे मकान में रहता था। वह बैगा का काम करता था। गुरुवार आधीरात को वह घर पर सोया हुआ था। इस दौरान आधी रात को घर में चार नकाबपोश पहुंचे और दरियाव कुमेटी को बाहर बुलाया। बुजुर्ग के बाहर आने के बाद उसकी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया।

बुजुर्ग की पत्नी रात भर शोर मचाती रही लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उसे दो बेटे हैं जो अलग अलग रहते हैं। वहीं उसकी सास को सुन नहीं सकती तो उसने भी दरवाजा नहीं खोला। सुबह उसकी सास ने दरवाजा खोला तो बुजुर्ग की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर बुजुर्ग की लाश पेड़ पर लटकी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। बुजुर्ग की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात नकाबपोशों की तलाश शुरू कर दी है।
