दंतेवाड़ा। जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक ट्रेक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों बाजार से लौट रहे थे इस दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मरने वाले दोनों यहां के भाजपा नेता के रिश्तेदार और जीजा साले थे। घटना के बाद पुलिस ने ट्रेक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के पालनार गांव के निवासी सहदेव मुड़ामी (26) अपने साले अक्षय कुमार मुड़ामी (24) के साथ टिकनपाल बाजार गए हुए थे। वापसी में गांव पेंटा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर ने इनकी बाइक को ठोकर मार दी। बताया जा रहा है ट्रेक्टर सामान्य से ज्यादा गति से आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार दूर जा गिरे और इनके सिर पर गंभीर चोट आई जिससे इनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में मृत सहदेव मुड़ामी व अक्षय मुड़ामी भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी के रिश्तेदार थे। हादसे की सबसे पहले सूचना यहां से गुजर रहे लोगो ने गांव के लोगों को दी। गांव वाले जब मौके पर पहुंचे तो उन लोगों ने मृतकों को पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ उसे गुड़िया राम ओयामी नाम का युवक चला रहा था। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
