बिलासपुर. बिलासपुर शहर में घर में घुसकर एक युवक ने प्रिंसिपल की हत्या कर दी। घटना गुरुवार देर रात की है। हत्या के बाद सनकी युवक ने थाने जाकर सरेंडर भी कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड के साथ पिं्रसिपल का अवैध संबंध है। इसलिए उसने प्लानिंग करके यह हत्या की है। युवक ने बताया कि उसने प्लानिंग की और घर में घुसकर प्रिंसिपल के सिर पर पहले हथौड़े से चार बार वार किया। इसके बाद भी लगा कि उसकी मौत नहीं हुई, तब सिर में गमला पटक दिया। जाते-जाते गले में ब्लेड मार दिया। यह पूरा मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।

घर पर अकेले थे पति-पत्नी
पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक ने लिंक रोड निराला नगर के यश बैंक वाली गली में रहने वाले प्रदीप श्रीवास्तव (62) की हत्या की है। मृतक पचपेड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी अनिता श्रीवास्तव भी तिफरा के परसदा स्थित हाईस्कूल में प्राचार्य हैं। वारदारत के वक्त दोनों पति-पत्नी घर पर अकेले थे। पत्नी फस्र्ट फ्लोर में थी और पति ग्राउंड फ्लोर में था। तभी आरेापी ने घर में घुसकर प्रिंसिपल की जघन्य हत्या कर दी।

पड़ोसी ने बुलाया पुलिस
गुुरुवार रात अचानक विवाद होने की आवाज सुनकर मृतक के घर के सामने रहने वाले दीपक अग्रवाल की मां और भाई बाहर निकले। तब तक हमलावर भाग गया था और प्रदीप श्रीवास्तव पोर्च में खून से लथपथ पड़े थे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस पहुंची पिं्रसिपल की मौत हो गई थी।

थाने जाकर किया सरेंडर
प्रिंसिपल की हत्या के बाद आरोपी युवक उपेंद्र कौशिक (24) तारबाहर थाना सरेंडर करने पहुंच गया। उसे देखकर पुलिस को पहले भरोसा ही नहीं हो रहा था कि वही आरोपी है। युवक मूलत: सिरगिट्टी क्षेत्र के हरदीकला का रहने वाला है और सरकंडा में रहकर पीटीएम में जॉब करता था। हत्या की वजह उसने अवैध संबंध के शक को बताई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।