जयपुर. राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से गुजर रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार को आरबीआई के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन शामिल हुए। आरबीआई के पूर्व गर्वनर ने इस दौरान राहुल गांधी के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए साथ-साथ चल रहे थे। राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट
बुधवार को राहुल की यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हो गई है। सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंची टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक है। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 6:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का लास्ट पॉइंट है। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई है। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया है।
राजस्थान में आज 10वां दिन
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजस्थान में यात्रा का आज 10वां दिन है। 19 दिसंबर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका है।