बिलासपुर. बिलासपुर जिले में पुलिस कर्मियों के भविष्य निधि के खाते से लाखों रूपए की धोखाधड़ी कर फरार होने वाली महिला एएसआई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महिला एएसआई को ओडिशा के पदमपुर से गिरफ्तार किया गया है। वह मामला खुलने के बाद से फरार थी। मिली जानकारी के अनुसार एसपी ऑफिस के फंड शाखा के पद पर रहते हुए आरोपी महिला एएसआई ने करीब 59 लाख 75 हजार रुपए गबन किया था। इस मामले का खुलासा होने के बाद से वह फरार हो गई थी। जिसे पुलिस ने ओडिशा के पदमपुर से गिरफ्तार किया है।
ऐसे सामने आई गड़बड़ी
बिलासपुर पुलिस विभाग में पुलिस कर्मचारियों के भविष्य निधि के पैसों में कूटरचना कर लाखों रूपए गबन का मामला सामने आया था। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई थी कि एसपी कार्यालय के फंड शाखा प्रभारी सउनि मधुशीला सुरजाल ने अपने पदस्थापना के दौरान कई बड़ी गड़बडिय़ां और कूट रचना कर पैसों का गबन किया था। जांच में खुलासा हुआ कि विभागीय भविष्य निधि के खाता धारकों के खाते में उपलब्ध धनराशि से अधिक धनराशि का आहरण और भुगतान के गलत होने की जानकारी के बाद भी फंड शाखा में न्यस्त होकर वित्तीय अनियमितता कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाया।