बिलासपुर। वंदेभारत एक्सप्रेस की नई रैक बिलासपुर पहुंच गई है। बुधवार देर रात को नागपुर से बिलासपुर पहुंची वंदेभारत एक्सप्रेस की रैक को देखने के लिए रेलवे के अफसर भी उत्सुक दिखे। 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

देश की सबसे चर्चित वंदे भारत एक्सप्रेस को कुछ दिन पहले ही बिलासपुर से नागपुर के बीच चलाने का निर्णय लिया गया। यह ट्रेन 11 दिसंबर से शुरू हो रही है। बुधवार रात12.40 बजे यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन को कोचिंग डिपो में परीक्षण के बाद नागपुर रवाना किया जाएगा। 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार बिलासपुर से नागपुर के बीच यह ट्रेन लगभग 130 किमी की रफ्तार से चलेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस पहली ट्रेन होगी जो इस रफ्तार से चलेगी।
यह है ट्रेन की संभावित समय सारिणी
वंदे भारत एक्सप्रेस की संभावित समय सारिणी भी रेलवे ने बनाई है। इसके मुताबिक ट्रेन बिलासपुर से नागपुर की दूरी 5.30 घंटे में पूरी करेगी। बिलासपुर से निकलने के बाद ट्रेन रायपुर, दुर्ग, गोंदिया स्टॉपेज के बाद नागपुर पहुंचेगी। संभावित समय सारिणी गाड़ी बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे छूटकर सुबह 8.06 बजे रायपुर, 8.47 बजे दुर्ग, 10.35 बजे गोंदिया और 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। फिर नागपुर से दोपहर 2.05 बजे रवाना होकर 3.46 बजे गोंदिया, 5.30 बजे दुर्ग, 6.08 बजे रायपुर और 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।





