कवर्धा. कबीरधाम जिले में एक शराबी पति की रोज-रोज की हरकतों से तंग आकर पत्नी ने अपने बेटे और बहू के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस से बचने के लिए खून से लथपथ पति की लाश को सड़क पर फेंक दिया। पति की हत्या के बाद तीनों घर चले गए। पुलिस ने अज्ञात शव की जब जांच शुरू की तब इस हत्या से पर्दा उठा। पुलिस ने आरोपी पत्नी, बेटे और बहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के कुकदुर थाना अंतर्गत ग्राम मझोली नवापारा की है।
खोजी कुत्ता पहुंचा घर
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव के सरपंच ने कुकदुर पुलिस को सूचना दी कि गांव के सड़क पर एक शव पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंची। शव की पहचान गांव के ही बुद्धराम करचाम (44) के रूप में हुई। शव का निरीक्षण किया जिसमें पता चला सिर पर वार हुआ है। गले पर कुछ निशान दिखाई दिए। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर पुलिस टीम जांच में जुट गई। पुलिस के साथ डॉग स्वायड भी पहुंचा। कुत्ते को शव के पास छोड़े जाने के बाद कुत्ता सीधे मृतक के घर जा पहुंचा। इसके बाद मृतक के परिजनों से पूछताछ शुरू हुई। शाम तक पुलिस ने मामले में हत्यारों को भी पकड़ लिया। हत्या मृतक की पत्नी ने अपने पुत्र और बहू के साथ मिलकर की थी।
शराब पीकर करता था हंगामा
कुकदुर थाना निरीक्षक सारथी ने बताया कि पुलिस की सख्ती से पूछताछ पर मृतक की पत्नी, उसके पुत्र और बहू ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक बुद्धराम रोजाना ही शराब पीकर घर में हंगामा करता था। रोजाना ही विवाद होता था। सोमवार की रात में भी विवाद किया। इससे तंग आकर ताव में आकर बुद्धराम के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। वहीं गमछे से गला दबा दिया। मौत होने के बाद शव को सड़क पर फेंक दिया। घर में खून के छींटे बिखरे थे जिसे लिपाई पुताई कर छीपाने का प्रयास किया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों मृतक की पत्नी मथुरा बाई (41), पुत्र विजय कुमार (23) और पुत्रवधु जोनिहा बाई (20) को गिरफ्तार कर लिया है।





