अलीगढ़ (एजेंसी)। एक लड़की की हत्या के मामले में पिछले 7 साल से एक शख्स सजा काट रहा है जबकि वह लड़की जिंदा है। लड़की जिंदा ही नहीं बल्कि पति व बच्चों के साथ खुश है। एकदम फिल्मी लगने वाली यह कहानी हकीकत है। यह मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले का है। हकीकत सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान है।
दरअसल, जिस लड़की की हत्या और अपहरण के जुर्म में जो युवक पिछले 7 साल से जेल में बंद है, वह पुलिस को जिंदा मिली है। पुलिस को पता चला कि लड़की हाथरस गेट क्षेत्र में पति और दो बच्चों के साथ रह रही है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत उस लड़की को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर किया। इधर जेल में बंद युवक की मां ने कोर्ट से अब न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी से लगाई थी गुहार
पुलिस को इसकी जानकारी कभी नहीं होती यही जेल में बंद युवक की मां एसपी के पास नहीं पहुंचती। महिला का नाम अनिता है और उसने एसपी से मिलकर बताया कि उसके बेटे विष्णु को लड़की के अपहरण व हत्या के मामले में जेल भेज दिया गया था। वह पिछले 7 सालों से जेल में बंद है। जबकि जिस लड़की के अपहरण व हत्या का आरोप लगा है वह जिंदा है और अपने पति व बच्चों के साथ आराम का जीवन जी रही है। महिला की शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले पर एक्शन लिया और आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया।

यह था मामला
पुलिस ने बताया कि 7 फरवरी 2015 को 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना गोंडा में दर्ज हुई थी। इस मामले में गांव की ही विधवा अनीता के इकलौते बेटे विष्णु पर संदेह जताया गया था। कई महीने तक जांच के बाद लड़की का सुराग नहीं मिला। इसके बाद आगरा में एक लड़की की लाश मिली थी और उसके शरीर पर मिले कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान उसी लापता लड़की के रूप में की गई। इस मामले पुलिस ने विष्णु पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या कर साक्ष्य मिटाने के आरोप में 25 सितंबर 2015 को चार्जशीट दायर करते हुए जेल भेज दिया।
इसके बाद विष्णु के परिवार वालों ने लापता लड़की की तलाश शुरू कर दी। आखिरकार इनकी तलाश सफल हुई और उस लड़की का पता चल गया जिसकी हत्या के आरोप में उसका बेटा जेल में है। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद लड़की का परिवार समझौते के लिए अनीता पर दबाव बनाने लगा था। हालांकि मां की शिकायत के बाद पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। विष्णु की मां अनीता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को फंसाया गया है।




