जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से लगे एक छुई खदान धंसने से मरने वालों की संख्या 5 से बढ़कर अब सात हो गई है। वहीं तीन मजदूर अभी लापता है। फिलहाल मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार लापता लोगों के बचने की संभावना कम जताई गई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। जगदलपुर से 11 किमी. दूर मालगांव के खदान में यह बड़ा हादसा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर कई मजदूर इस खदान में काम कर रहे थे। इसी बीच खदान में काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक मलबा गिरने लगा। देखते ही देखते कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस खदान में काम करने वाले मजदूरों की मदद से राहत बचाव कार्य में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक अब तक 7 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। वहीं 7 लोगों की मौत हो गई है। खदान में जिस वक्त यह हादसा हुआ वहां एक दर्जन से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे।
