बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार सुबह हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 6 नक्सलियों के ढेर होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस व नक्सलियों के बीच करीब 50 मिनट तक चली फायरिंग में जवानों ने 6 नक्सलियों को मार गिराया है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगलों का सहारा लेकर भाग गए हैं। इसके बाद सर्चिंग में पुलिस ने चार शव बरामद कर लिए है। बीजापुर SP आंजनेय वैष्णव ने चार शव बरामद होने की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को बीजापुर के थाना मिरतुर क्षेत्र में ग्राम पोमरा और हल्लूर के आसपास डीवीसीएम मोहन कड़ती, डीवीसी सुमित्र, मटवाड़ा एलओएस रमेश एवं अन्य माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी, एसटीएफ एवं सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी को रवाना किया गया। आज सुबह लगभग 7:30 से 7:45 बजे के मध्य पोमरा के जंगल में पुलिस पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का सहारा लेकर भाग गए। वहीं मुठभेड़ बाद घटना स्थल से 4 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में दो पुरुष व दो महिला नक्सली शामिल है। जवानों ने मौके से 303 रायफल, 315 रायफल और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। फिलहाल जवान मारे गए नक्सलियों के शव लेकर कैंप की ओर रवाना हो गए हैं।





