रायपुर. छत्तीसगढ़ के दो मशहूर लोक कलाकारों को इस साल प्रख्यात संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। राष्ट्रीय संगीत नृत्य और नाटक अकादमी नई दिल्ली की सामान्य परिषद ने पुरस्कारों की घोषणा की है। जिसके अनुसार पद्मविभूषण तीजन बाई और पद्मश्री ममता चंद्राकर को संगीत नाटक अकादमी अवार्ड प्रदान किया जाएगा। संगीत नाटक अकादमी ने देशभर से मिली प्रविष्टियों में से अलग-अलग श्रेणियों में 128 श्रेष्ठ कलाकारों और संगीत साधकों को पुरस्कारों के लिए चुना है।
तीन साल के पुरस्कार विजेता होंगे एक मंच पर
यह पुरस्कार साल 2019, 2020 और 2021 के लिए दिए जाएंगे। अलग-अलग राज्यों के 10 प्रख्यात कलाकारों को सूची में रखा गया है। लोक कला में विशेष योगदान के लिए लोक गायिका ममता चंद्राकर का चयन लोक कला श्रेणी वर्ष 2019 के लिए किया गया है।
राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में देश के अन्य कलाकारों के साथ राज्य की इन दोनों विभूतियों ममता चंद्राकर और तीजन बाई को सम्मानित करेंगी। संगीत नाटक अवॉर्ड के रूप में ममता चंद्राकर को 1 लाख रुपए और ताम्रपत्र प्रदान किया जाएगा।





