भिलाई। दुर्ग जिले के नंदिनी क्षेत्र के हनुमान मंदिर परिसर में डेटोनेटर ब्लास्ट होने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। बच्चे को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद नंदिनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए थे।
नंदिनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा यहां के हरदी गांव में हुआ है। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों के द्वारा मंदिर परिसर में अवैध रूप से डेटोनेटर और बैटरी रखा हुआ था। इसे हटाने के प्रयास में इसमें बड़ा ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की चपेट में आने से तरुण पटेल नाम का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे के हाथ व पांव बुरी तरह झुलस गए हैं।
ब्लास्ट से गांव में मचा हड़कंप
मंदिर परिसर में ब्लास्ट की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मचा गया। मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। आनन फानन में घायल बच्चे को अहिवारा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है तरूण पटेल मंदिर में दिया जलाने गया था। इस दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल बच्चे की हालत में सुधार है। हालांकि यह नहीं पता चला कि है मंदिर परिसर में डेटोनेटर किसने रखा। नंदिनी पुलिस ने इस मामले में विस्फोटक पदार्थ चालक रोधि अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।