कांकेर. छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने रविवार देर रात जमकर तांडव मचाया। नक्सलियों ने कांकेर के पंखाजूर इलाके में एक मोबाइल टॉवर पर आग लगा दी। घटना पीवी- 45 की बताई जा रही है, जहां 15 से 20 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने जिओ टॉवर में आग लगा दी। इसके बाद नक्सलियों ने घटना स्थल पर पर्चे फेंककर 22 नवंबर को बंद का ऐलान करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आगजनी की घटना की पुष्टि कांकेर एसपी शलभ सिन्हा ने की है। नक्सलियों के बंद को देखते हुए पुलिस विभाग को अलर्ट मोड पर रखा है। वहीं सुरक्षाबल के जवानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
फर्जी मुठभेड़ का लगाया आरोप
माओवादियों ने 22 नवंबर को उत्तर बस्तर के कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव बंद बुलाया है। नक्सलियों ने पुलिस पर नक्सल लीडर दर्शन पड्डा को झूठे मुठभेड़ में मारने का आरोप लगाया है। 31 अक्टूबर की रात अन्तागढ़ ब्लॉक के कडमे में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने का दावा पुलिस ने किया था, जिसे नक्सलियों ने झूठा बताया है। माओवादियों ने पर्चे में इसे फर्जी मुठभेड़ बताकर धोखे से नक्सल लीडर दर्शन पड्डा और जागेश को मारने का आरोप लगाया है। साथ ही दोनों की मौत का बदला लेने की बात भी लिखी है।