रायपुर। रेल मंत्रालय द्वारा भारतीय रेल पर कार्यरत 80 हजार से अधिक पर्यवेक्षकीय संवर्ग (supervisory cadre) कर्मचारियों को लेवल 9 तक का ग्रेड पे मिलेगा। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कान्फ्रेस में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी है। वर्तमान में भारतीय रेल के पर्यवेक्षकीय संवर्ग के कर्मचारियो को लेवल 7 तक का ग्रेड पे मिल रहा था, वहीं रेल मंत्री की घोषणा के बाद इसमें बढ़ोत्तरी हो जाएगी।
रेल मंत्रालय के इस निर्णय से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कार्यरत तकनीकी एवं नॉन तकनीकी संवर्ग के लगभग 7500 से भी अधिक पर्यवेक्षकीय कर्मचारियों, जिसमें मुख्यालय एवं बिलासपुर रेल मंडल के 3500 से अधिक, रायपुर रेल मंडल के 2000 से अधिक तथा नागपुर रेल मंडल के भी 2000 से भी अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
इस निर्णय से कर्मचारियों को उन्नत वेतनमान मिलने पर वेतन में 2500 से 4000 रुपए तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। पर्यवेक्षकीय संवर्ग में इंजीनियरिंग, सिगनल, विद्युत, यांत्रिक, भंडार विभाग के सीनियर सेक्सन इंजीनियर, स्टेशन मास्टर सहित विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकीय कर्मचारी सम्मिलित हैं, जिन्हें अब लेवल 9 तक के ग्रेड पे मिलेगा।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबन्धक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कर्मचारी हित में लिये गये रेल मंत्रालय के इस निर्णय से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे पर कार्यरत 7500 पर्यवेक्षकीय कर्मचारी लाभान्वित होंगे। रेल मंत्रालय के द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे रेलवे को नई ऊंचाइयों में ले जाने में उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाएंगे ।