रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार ने किसानों को राहत देते हुए 16 जिलों में 28 नये धान खरीदी केंद्र खोलने की अनुमति जारी कर दी है। सरकार ने जारी सूची के अनुसार सभी धान खरीदी केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद संचालन शुरू करने का निर्देश दिया है। अभी तक प्रदेश भर में दो हजार 497 केंद्रों पर धान की खरीदी की जा रही थी। नए केन्द्रों के शुरू होने के बाद प्रदेश में 2525 केन्द्रों में धान खरीदी की जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में धान खरीदी का महाभियान के दूसरे सप्ताह तक किसानों से समर्थन मूल्य पर 3 लाख 23 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। धान के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 653.77 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है। अब तक 1.05 लाख किसानों ने धान बेचा है।
यहां शुरू होंगे नई धान खरीदी केंद्र
राज्य सरकार द्वारा जारी नए धान खरीदी केंद्रों की सूची के अनुसार छुई खदान के विरूटोला व गोपालपुर, धमधा ब्लाक के करेली, धरमजयगढ़ के हाटी, खरसिया के बिंजकोट, बस्तर के मांधलापाल, बगीचा के रेंगल,े कुनकुरी के बासनताला, पत्थलगांव के पगसुआ, कोरबा के तानाखार व बाइदा, महासमुंद के सलीहाभाटा, लोहारकोटा व बीके बाहरा, मोहला के एकटकन्हार, बलोदा बाजार के सलीहा घाट, सिमगा के मर्राकोना, मोहतरा, बलरामपुर के बादा, कोंडागांव के मानगांव व सरगीपाली, तखतपुर के लमेर, भरतपुर के रांपा, मुंगेली घोरपुरा, धमतरी के भटगांव, जांजगीर-चांपा के भूईगांव व सोनसुरी व गरियाबंद के घूमर गुड़ा में धान खरीदी के नए केंद्र शुरू किए जाएंगे।
