सुकमा. नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे बाइक सवार दो डीआरजी जवानों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मार दिया जिससे दोनों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना एनएच 30 पर सुकमा जिला मुख्यालय से दो किमी. दूर की है। मिली जानकारी के अनुसार जवान शनिवार दोपहर को नक्सल ऑपरेशन से अपने कैंप लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। जवानों को ठोकर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल सुकमा सिटी कोतवाली पुलिस फरार चालक को तलाश कर रही है।
साथी जवानों ने पहुंचाया अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार डीआरजी के जवान एलमामुंडा इलाके में नक्सल ऑपरेशन पर गए थे। नेशनल हाइवे पर कोंटा डेंग पर एक ट्रक ने बाइक सवार जवानों को ठोकर मार दिया। जिससे जवान पदाम मुया और मौसम सुब्बा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद साथी जवानों ने दोनों मृत जवानों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों जवान सुकमा के ही रहने वाले थे।