रांची. झारखंड में केंद्रीय जांच एजेंसियां ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग की टीम ने दो कांग्रेस विधायकों के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। ईडी और आईटी की इस संयुक्त कार्रवाई से झारखंड में हड़कंप मच गया है। दोनों जांच एजेंसियों ने कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह और प्रदीप यादव के घर और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापा मारा है। मिली जानकारी के अनुसार छापा राजधानी रांची, बोकारो और गोड्डा में पड़ा है। विधायकों के 9 से ज्यादा ठिकानों पर ईडी और आईटी के सौ से ज्यादा अधिकारी जांच कर रहे हैं।
विधायक के करीबी के घर भी छापा
मिली जानकारी के अनुसार ईडी और आईटी का छापा कोयला घोटाला से जुड़ा है। पौड़ेयाहाट से कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव, बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल के साथ उनके करीबियों पर भी केंद्रीय जांच एजेंसियां अपना शिकंजा कसती जा रही है। विधायकों के अलावा कोयला व्यवसायी अजय कुमार सिंह के घर पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी। जो विधायक अनूप सिंह के करीबी हैं। शिवशंकर यादव के यहां भी छापा पड़ा है। कांग्रेसी नेताओं के अलावा रांची स्थित न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है।




