कवर्धा. कबीरधाम जिला मुख्यालय के बस स्टैंड में बने पुलिस सहायता केंद्र में गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। सिलेंडर फटते ही पुलिस सहायता केेंद्र में भयंकर आग लग गई। आग की लपटों को देखकर लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई और किसी तरह से आग पर काबू पाया। घटना मंगलवार देर रात की है। कवर्धा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित पुलिस सहायता केंद्र पिछले एक साल से बंद पड़ा हुआ है। यहां किसी भी पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं लगती है। जहां आग लगी वहां पर 20 से ज्यादा यात्री बस खड़े हुए थे। वो गनीमत रही कि आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
लोगों ने दी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस सहायता केंद्र में आगजनी की घटना रात 10 बजे की है।बगल में एक होटल संचालित है। उसके संचालक ने इसमें अपना सिलेंडर रख दिया था। आशंका है कि सिलेंडर लीक हो रहा होगा और इसी वजह से इसमें आग लगी। जब लोगों ने पुलिस सहायता केंद्र में रखे सिलेंडर में हुए ब्लास्ट की आवाज सुनी, तो वे दौड़े आए, तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
