भिलाई। एक नवंबर और एक और नया महीना शुरू हो गया है। नवंबर की पहली तारीख को तेल कंपनियों ने बड़ी राहत दी है। 1 नवंबर 2022 से पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में भारी कटौती कर दी है। IOCL, BPCL व हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें 113 से लेकर 115 रुपए तक कम कर दी हैं। लगातार छठा महीना है, जबकि पेट्रोलियम कंपनी ने गैस के दाम में कमी की है। मई 2022 के बाद से इसमें लगातार कटौती देखने को मिली है।
राजधानी रायपुर व दुर्ग भिलाई में 19 किलो के कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 113.50 रूपए की कमी की गई है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी रायपुर व दुर्ग-भिलाई में कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 1934 रुपए में मिलेगा। इससे पहले यह 2047.50 रुपए में मिल रहा था। वहीं घरेलू इस्तेमाल वाले सिलेंडर में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है। घरेलू एलपीजी के दाम पहले की तरह ही रहेंगे।
कटौती के बाद देश के महानगरों में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (Commercial LPG Cylinder) की बात करें तो दिल्ली में इंडेन का 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 1,859.5 रूपए से घटकर 1,744 रूपए रह गई। कोलकाता में 1995.50 रुपये से कम होकर 1,846 रूपए, मुंबई में 1,844 रूपए की जगह 1,696 रूपए और चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 2009.50 रूपए से घटकर 1,893 रूपए हो गई है।

सिलेंडर डिलीवरी के लिए OTP जरूरी
मंगलवार से दूसरा बड़ा बदलाव भी गैस सिलेंडर से ही जुड़ा हुआ है. दरअसल, घरेलू LPG गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। नवंबर की पहली तारीख से रसोई गैस सिलेंडर OTP वेस्ड होगी। यानी इसे वन टाइम पासवर्ड प्रोसेस के तहत डिलवर्ड किया जाएगा। इसके तहत गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP भेजा जाएगा। इसे डिलीवरी बॉय के साथ शेयर करना होगा और ओटीपी के सिस्टम से मिलान के बाद सिलेंडर की डिलीवरी मिलेगी।