मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली में फैक्ट्री बेचने की डील कर शातिर ठग ने सवा करोड़ रुपए की ठगी की। मुंगेली के एक शख्स ने ठग के झांसे में आकर फैक्ट्री खरीदने की डील भी कर ली। इसके बाद लगभग सवा करोड़ का एडवांस ले लिया और घुमाने लगा। शख्स को समझ में आ गया कि वह ठगी का शिकार हुआ है। इसके बाद उसने मुंगेली के सरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। सरगांव पुलिस ने आरोपी ठग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनसुार रायपुर मोवा निवासी संजय अग्रवाल ने मुंगेली के रामबोड में वासुदेव ट्रेड लिंक के अलावा वे एक और स्पंज आयरन की फैक्ट्री वहां डालना चाहते थे। इस दौरान रामबोड में उसकी मुलाकात अनिल गुप्ता नाम के शख्स से हुई। अनिल गुप्ता खुद को स्पंज आयरन प्लांट अंसुल स्टील लिमिटेड कोल्हापुर का प्रॉपराइटर बताया और फैक्ट्री बेचने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद अनिल गुप्ता ने संजय अग्रवाल से 4 करोड़ 50 लाख रुपए में डील फाइनल कर ली।

इसके बाद अनिल गुप्ता को संजय अग्रवाल ने अलग-अलग किश्तों में 1 करोड़ 20 लाख रुपए एडवांस दिया। एडवांस लेने के बाद अनिल गुप्ता ने संजय अग्रवाल को घुमाना शुरू कर दिया। इस मामले में थाना सरगांव में 6 नवंबर 2020 को अपराध दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि अनिल गुप्ता ठग है और इस तरह पहले भी कई लोगों को ठग चुका है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।

इस दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस हुआ। पुलिस को पता चला कि आरोपी अनिल गुप्ता दिल्ली में है। इसके बाद मुंगेली पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और आरोपी अनिल गुप्ता को रेडिएंट ब्लू होटल मयूर विहार फेज़-3 गिरफ्तार किया गया। यहां से उसे पटियाला हाउस कोर्ट में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंगेली लाया गया। शनिवार को डीएसपी साधना सिंह ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि इससे पहले उसने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 12 करोड़ 90 लाख व हैदराबाद में 1 करोड़ 65 लाख रुपए का ठगी की थी।