भिलाई। नेवई पुलिस ने रविवार को कछुआ तस्करी कर रहे 6 लोगों को पकड़ा। नागपुर महाराष्ट्र से कछुआ लाकर भिलाई में बेचने की तैयारी की जा रही थी। तस्करों के पास से विशेष प्रजाति का कछुआ बरामद हुआ है। इसे महंगे दाम में बेचने की फिराक में तस्कर घूम रहे थे इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा। तस्करों में नागपुर के चार व भिलाई के लोग शामिल है। पुलिस पकड़े गए तस्करों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना के आधार पर नेवई पुलिस की टीम मैत्री गार्डन के पहुंची। यहां पर कुछ लोग कछुआ बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस टीम के साथ थाना प्रभारी ममता अली शर्मा भी पहुंची थी। मौके पर सभी को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर इनके पास से एक विशेष प्रजाति का कदुआ मिला। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया और कछुआ बरामद किया।
पकड़े गए आरोपियों में नागपुर निवासी श्रीराम आसेकर, देवीदास मिश्रा, ओम प्रकाश वैष्णव, मनीष कौशिक, सुपेला भिलाई निवासी निखिल टंडन व कमलेश यादव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विशेष प्रजाति का कछुआ लोग वास्तु के लिए अपने घरों में इस्तेमाल करते हैं। ऐसे कछुआ के अच्छे दाम मिलते हैं। तस्करों ने पहले भी इसी प्रकार कछुआ बेचा था। नेवई पुलिस फिलहाल तस्करों से पूछताछ कर रही है। वहीं कछुए की पहचान के लिए वन विभाग को सूचना भी दी गई है।