रायपुर. दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ के दो पड़ोसी राज्यों पर तूफान का खतरा मंडरा रहा है। पड़ोसी राज्यों में मौसम के बिगड़ते हालात का असर अभी से छत्तीसगढ़ में भी दिखने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। वहीं कई हिस्सों में हल्की बौछारें भी हो रही है। ऐसे में दीपावली का त्योहार बारिश की भेंट चढ़ सकता है। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश पर साइक्लोन मंडरा रहा है। उत्तरी अंडमान और इसके आसपास के क्षेत्रों सीतरंग नाम का साइक्लोन एक्टिव है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 अक्टूबर को साइक्लोन सीतरंग मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। 23 और 24 अक्टूबर को यह साइक्लोन पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में बड़े तूफान का रूप ले सकता है।
अलर्ट पर अधिकारी
ओडिसा और आंध्र प्रदेश में तूफान के खतरे को देखते हुए दोनों ही सरकारों ने अपने अधिकारियों पर अलर्ट पर रहने को कहा है। स्थिति को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने तटीय जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है। मछुआरों को 22 अक्टूबर से समुद्र में ना जाने की हिदायत दी गई है। ओडिशा के आलावा पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी साइक्लोन का असर पडऩे की संभावना है।
