दंतेवाड़ा. धुर नक्सल प्रभावित जिला दंतेवाड़ा में बाल सुधार गृह की 12 फीट ऊंची दीवार फांदकर चार अपचारी बच्चे भाग गए। चारों बच्चों ने शुक्रवार देर रात रस्सी और तार के सहारे दीवार लांघी और जंगल की ओर भाग गए। मिली जानकारी के अनुसार फरार हुए चार में से एक बालक मिल गया है। वहीं 3 की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि बच्चों ने पहले खिड़की तोड़ी, फिर करीब 12 फीट लंबी दीवार फांद कर जंगल की तरफ फरार हो गए हैं। 4 महीने के अंदर यह दूसरी घटना है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
ब्लेड से काटा खिड़की का रॉड
दंतेवाड़ा के गायत्री मंदिर से अस्पताल जाने वाली सड़क किनारे में स्थित बाल सुधार गृह को हाल ही में जेईडी कॉलोनी में शिफ्ट किया गया है। इस कैंपस के चारों तरफ करीब 12 फीट ऊंची दीवार है। फिर भी शुक्रवार की देर रात 4 बच्चे आसानी से दीवार फांदकर फरार हो गए। बच्चों ने भागने से पहले ब्लेड से खिड़की की रॉड को काट दिया था। रात में ही बाल सुधार गृह में तैनात गार्ड ने इस मामले की जानकारी प्रशासन को दी। जिसके बाद उन्हें ढूंढना शुरू किया गया। इनमें से एक को तो पकड़ लिया गया, लेकिन 3 अब भी फरार है। पुलिस अफसरों की मानें तो सभी बच्चे चोरी के केस में बाल सुधार गृह में थे।
