रायपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह अस्पताल में पिछले तीन दिन से भर्ती हैं। एक सर्जरी के लिए गुरुग्राम के अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया है। वे लंबे समय से दर्द से परेशान थे। जानकारी के अनुसार चिकित्सकीय सलाह के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का इलाज चल रहा है। पैर की एक छोटी सर्जरी के लिए वो 3 दिन पहले ही दिल्ली गए थे। डॉ. रमन सिंह को लंबे समय से दर्द की शिकायत थी। डॉक्टर्स ने इसी वजह से सर्जरी की सलाह दी थी। फिलहाल उनकी हालत में जल्द सुधार हो रहा है।
सीएम बघेल ने फोन पर पूछा हालचाल
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह से वर्तमान सीएम भूपेश बघेल ने बातचीत की है। उन्होंने सोमवार रात को ट्विटर पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा है कि गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में पूर्व सीएम डॉक्टर रमन सिंह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अभी दूरभाष पर बात कर उनका कुशलक्षेम जाना है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।