राजनांदगांव. इन दिनों पूरे देश में नवरात्रि की धूम है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में भी हर रोज हजारों भक्त पहुंच रहे हैं। इसी बीच पंचमी को डोंगरगढ़ विधायक व अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण अध्यक्ष भुनेश्वर बघेल सहपरिवार 70 किमी. की पदयात्रा करके मां बमलेश्वरी के दर्शन करने पहुंचे। परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने लगभग 41 फीट लंबी चुनरी मां को अर्पित की।

प्रदेश के लोगों की खुशहाली की कामना की
माता के दर्शन के बाद विधायक ने कहा कि माता के आस्था के प्रति लोगों में अलख जगाने प्रदेश और क्षेत्र में सुख समृद्धि और खुशहाली की मनोकामना के लिए यह पदयात्रा की। विधायक ने रास्ते में पडऩे वाले सभी गांव में स्थित मंदिरों में पूजा अर्चना की। विशाल चुनरी को थामे हुए माता के दरबार पहुंचे।

यहां से शुरू हुई थी चुनरी यात्रा
विधायक ने घुमका के देवरीडीह शीतला मंदिर से कार्यकर्ताओं और अपने परिजनों के साथ ‘माता की चुनरी पदयात्राÓ की शुरुआत की। जो क्षेत्र के ग्राम घुमका से शुरू होकर भटगांव, खैरा, महरुम, ठेलकाडीह पचपेड़ी गातापार सिरसाही से खपरी मोहारा खैरबना कोलेंद्रा होकर बेलगांव भैसरा अछोली से नगर भ्रमण करके मां बमलेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ पहुंची। जहां माता की विधिवत पूजा अर्चना के बाद लगभग 41 फीट चुनरी उनको अर्पित की गई। इस पदयात्रा में मुख्य रूप से विधायक भुनेश्वर बघेल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा गोकरण वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शोभाराम बघेल, अनिल मेश्राम, शिवा बघेल प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संध्या देशपांडे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
