लखनऊ (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन रमाबाई अंबेडकर मैदान में राष्ट्रगान के साथ शुरू हुआ। अखिलेश यादव ने राष्ट्रध्वज फहराने के बाद पार्टी का ध्वजारोहण किया। अल्पसंख्यक सभा के निवर्तमान अध्यक्ष इकबाल कादरी ने स्वागत भाषण ने कहा कि पार्टी को निरंतर ऊर्जा देने की जरूरत है। सपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। चुनाव अधिकारी रामगोपाल यादव ने अखिलेश यादव को निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। सपा नेताओं ने उन्हें बधाई दी और पार्टी के लिए संघर्षशील रहने का भरोसा दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए जाने के बाद अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि आपने मुझ पर जिस उम्मीद के साथ भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे यह जिम्मेदारी तब मिली है जब संविधान खतरे में है। सभी संस्थाओं पर सरकार ने अनैतिक रूप से कब्जा कर लिया है लेकिन हम हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
चुनाव अधिकारी रामगोपाल यादव ने चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई। बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सिर्फ अखिलेश यादव ने नामांकन किया। पहला प्रस्ताव हाजी इरफान, माता प्रसाद पाण्डेय, रविदास मेहरोत्रा, ओम प्रकाश सिंह, दर सिंह, राम अचल, आदि ने किया था। दूसरा प्रस्ताव उदयवीर, अंबिका चौधरी, अर्विदन सिंह, नरेश उत्तम, सोबरन सिंह सहित 25 लोगों ने पास किया था। तीसरे प्रस्ताव में नेहा यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य, कमलकांत, प्रदीप तिवारी आदि शामिल रहे। सभी प्रस्तावकों के प्रस्ताव को देखते हुए अखिलेश यादव को अध्यक्ष चुना गया।