बिलासपुर. पति की मौत के बाद दो बच्चों की मां के साथ उसके ही रिश्तेदार ने बलात्कार किया। आरोपी ने महिला के ठीक से बोल नहीं पाने का फायदा उठाते हुए लगातार उसका दैहिक शोषण किया। जब महिला शिकायत की बात कहती तो उसे मारता-पीटता। किसी तरह महिला ने अपने साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की और बलात्कारी की शिकायत बिलासपुर पुलिस में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अधेड़ से हुई थी शादी
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराने के दौरान बताया कि वह ठीक बात नहीं कर पाती। हकलाने की वजह से अच्छा रिश्ता नहीं मिल रहा था। परिजनों ने 52 वर्षीय अधेड़ से उसकी शादी करा दी। उस समय वह महज 21 साल की थी। शादी के बाद दो बेटियां हुई। वर्ष 2021 में कोरोना की वजह उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत के बाद किसी तरह अपनी दोनों बेटियों का पालन पोषण कर रही थी।

कोरोनाकाल में हुई पति की मृत्यु
कोरोनाकाल में पति की मौत के बाद 27 वर्षीय महिला अपनी दो बेटियों का किसी तरह-लालन पालन कर रही थी। इस दौरान दूर के रिश्तेदार नाती, नानी के घर आने-जाने लगा। संवेदना दिखाते हुए मेल-जोल बढ़ाया। इस दौरान 23 वर्षीय आरोपी ने महिला को डरा-धमका कर बलात्कार किया। महिला ठीक से बोल न पाने की वजह व रिश्ते का लिहाज करते हुए उसने किसी को कुछ नहीं बताया। पीडि़ता की खामोशी से आरोपी का हिम्मत बढ़ता गया। वह लगातार उसका दैहिक शोषण करने लगा। अपने साथ हो रही वारदात को देखते हुए महिला को लगा कि आज जो उसके साथ हो रहा है, वह कल उसकी 5 और 3 वर्षीय बेटियों से भी हो सकता है। लिहाजा हिम्मत कर उसने सारी बात अपने रिश्तेदारों को बता दी और फिर उनकी सहमति से थाने पहुंच कर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
