रायपुर। राजधानी के खमतराई इलाके में कुछ घंटों अंतराल में दो शवों के मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। एक मामले में युवक हादसे का शिकार हो गया और दूसरे युवक की मौत ने पुलिस को उलझा दिया है। दूसरे मामले में पुलिस हत्या व आत्महत्या की आशंका को लेकर जांच कर रही है। मामले में खमतराई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी पहली घटना खमतरई थाना क्षेत्र के कचना रेलवे क्रासिंग के पास की है। यहां पर पुलिस को पटरियों पर एक शख्स का शव मिला। पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी राजीव सिंह के रूप में हुई। दरअसल राजीव सिंह रेलवे क्रासिंग पार कर रहा था इस दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि राजीव को ट्रेन की रफ्तार का अंदाजा नहीं था और उसने क्रासिंग पार करने का प्रयास किया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
इसी प्रकार दूसरा मामला भी खमतराई थाने का है। तेलीबांधा से लगे रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव की हालत काफी बुरी थी। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 20 साल तक हो सकती है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस ने शव की शिनाख्ती का प्रयास कर रही है।