एक्ट्रेस कंगना रणौत फिल्म जगत में तो सक्रिय हैं ही, इसके अलावा वह बेबाक बयानों के लिए भी जानी जाती हैं। कंगना बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक मामलों पर भी खुलकर अपनी राय रखती नजर आती हैं और लगातार चर्चा में बनी रहती हैं। फिलहाल एक्ट्रेस ने देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। जिसकी तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है। देश की महामहिम से मुलाकात करके कंगना काफी खुश हैं और उन्होंने तस्वीरों के साथ ही एक नोट भी साझा किया है। कंगना रणौत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की दो तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की हैं। जिनमें उन्हें राष्ट्रपति को फूलों का गुलदस्ता भेंट करते हुए देखा जा सकता है। तस्वीरों में कंगना के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट है। इससे ही पता चल रहा है कि वह कितनी खुश हैं। अपनी इस खुशी को उन्होंने पोस्ट के साथ नोट के जरिए साझा किया है और राष्ट्रपति मुर्मू की तारीफ की है।
कंगना रणौत ने इंस्टाग्राम से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मिलकर बेहद खुशी हुई। उनसे मिलना बहुत सम्मान की बात है। कंगना ने आगे लिखा- उनकी कोमल आवाज, शांत स्वभाव और करुणामयी निगाहें हैं (वह बेहद शांत और विनम्र महिला हैं)। कंगना रणौत ने अपने नोट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आगे लिखा- इस कुर्सी पर बैठकर वह एक देवी शक्ति की तरह लगती हैं जो पालन-पोषण करती है और मार्गदर्शन करती है। उन्होंने मेरे कार्य की सराहना की, मैंने माननीय राष्ट्रपति से कहा कि जब वह सर्वोच्च स्थान पर पहुंचीं तो इस देश में हर महिला अपने स्थान से ऊपर उठ सकती है। वह जिस तरह से मुझे देख रहीं थीं, मैं अब भी उस आनंद में भीग रही हूं। जय हिंद।




